🔊
उद्यमिता व आजीविका संवर्धन की दिशा में कारगर साबित हो रही है ग्रामोत्थान की सामुहिक उद्यम योजना : अधिकारी
ब्लाक प्रमुख पाटी ने किया सचल फूड वैन व रैस्टोरेंट का शुभारंभ।
पाटी 23 अक्टूबर। आईफैड वित्त पोषित ग्रामोत्थान रीप परियोजना की सामुहिक उद्यम योजना वे साईड ईटरीज के तहत पाटी ब्लॉक के दो समूहों पार्वती स्वयं सहायता समूह खेतीखान व सरस्वती एसएचजी रौलमेल लडा द्वारा संचालित सचल फूड वैन व रेस्टोरेंट का उदघाटन ब्लॉक प्रमुख पाटी शंकर सिंह अधिकारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने समूहों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से संचालित उद्यम आधारित गतिविधियों से जुडने के बाद ग्रामीण महिलाओं में सामाजिक व आर्थिक जागरुकता का प्रसार हुआ है। और वे उद्यमिता व आयवर्धन के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित कर रही है।
समूह की अध्यक्ष जानकी देवी ने फूड वैन के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी।
इधर ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक संस्थाएँ ने जानकारी दी कि ग्रामोत्थान की सामुहिक उद्यम योजना के तहत उद्यम स्थापना व संचालन हेतु समूह की मांग व क्षेत्र की संभावनाओं के आधार पर रु दस लाख का आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है, जिसमें छ: लाख परियोजना अनुदान, तीन लाख बैंक ऋण व एक लाख समूह सदस्यों का स्वयं का अंशदान शामिल हैं।
सामुहिक उद्यम के तहत पार्वती समूह द्वारा संचालित सचल फूड वैन के उदघाटन एवं शुभारंंभ के मौके पर लाभार्थी समूह के सदस्य, परिवर्तन संकुल संघ कमलेख का निदेशक मंडल व स्टाफ, ब्लाक रीप से अमित खर्कवाल, कुलदीप भटट तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
फोटो: सचल फूड वैन का उदघाटन करते ब्लाक प्रमुख पाटी एवं समूह सदस्य व अतिथिगण