🔊
चम्पावत में कीवी महोत्सव: 40 हजार रुपये की कीवी की बिक्री, उत्कृष्ट उत्पादक सम्मानित
डीएम मनीष कुमार ने किया महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ, पांच जनपदों के किसानों ने साझा किए अनुभव
चम्पावत। किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में स्वरोजगार के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में कीवी महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार और दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
महोत्सव में कीवी उत्पादन के विस्तार के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण और विपणन के जरिए किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि चम्पावत की जलवायु कीवी उत्पादन के अनुकूल है। जिला योजना के तहत करीब दो करोड़ रुपये की धनराशि से इस वर्ष लगभग 24 एकड़ क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
डीएम ने किसानों से कीवी के साथ सेब उत्पादन, मौनपालन और अन्य बागवानी गतिविधियां अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्पादन के साथ गुणवत्ता, उचित पैकेजिंग और बाजार से जुड़ाव पर ध्यान देना जरूरी है। जनपद को कीवी उत्पादन के हब के रूप में विकसित करने के लिए किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि लाभकारी कृषि एवं बागवानी गतिविधियों से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत के प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। ‘कीवी मैन’ के नाम से परिचित भवान सिंह कोरंगा सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने कीवी उत्पादन, मृदा एवं जल प्रबंधन, सूक्ष्म सिंचाई, निर्यात, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बागवानी को पर्यटन से जोड़ने के विषय में तकनीकी जानकारी दी।
महोत्सव में कीवी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के कुल नौ स्टॉल लगाए गए। यहां 250 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से लगभग 40 हजार रुपये की कीवी की बिक्री हुई।
तीन उत्कृष्ट कीवी उत्पादक सम्मानित
कीवी उत्पादन एवं बागवानी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मनोज कोरंगा, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले रमेश चन्द्र खर्कवाल और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पीताम्बर गहतोड़ी को जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।