🔊
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी समझौते से निपटेंगे लंबित मुकदमे।
चम्पावत सहित पूरे उत्तराखंड में होगा आयोजन, बिजली-पानी के बिल, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी और यातायात चालान समेत कई मामलों का होगा निस्तारण
चम्पावत। आम लोगों को लंबित मुकदमों से राहत दिलाने और आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का त्वरित निस्तारण करने के लिए आगामी 12 दिसंबर 2026 को उत्तराखंड में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में राज्य के उच्च न्यायालय, जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों, पारिवारिक न्यायालयों, श्रम न्यायालयों, वाणिज्यिक न्यायालयों और उपभोक्ता आयोगों सहित विभिन्न न्यायिक संस्थानों में लोक अदालत लगेगी।
इन मामलों का होगा निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट), मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, दीवानी एवं राजस्व मामले, धन वसूली, बिजली-पानी के बिल, उपभोक्ता विवाद और मोटर वाहन अधिनियम के तहत शमनीय यातायात चालान सहित आपसी समझौते से निपटाए जा सकने वाले मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा न्यायालय में लंबित मामलों के साथ ऐसे प्री-लिटिगेशन मामलों को भी शामिल किया जाएगा, जो अभी न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं।
11 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन
प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय जाकिर हुसैन ने बताया कि जो लोग अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से करवाना चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से 11 दिसंबर 2026 तक प्रार्थना पत्र देकर अपने मामले को लोक अदालत में नियत करवा सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल अथवा संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है।
संपर्क नंबर:
दूरभाष: 05942-236762
टोल फ्री नंबर: 1800-180-4000
नालसा हेल्पलाइन: 15100
राष्ट्रीय लोक अदालत लोगों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान पाने और लंबे कानूनी मामलों से राहत प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है।