🔊
दीपावली और धनतेरस को लेकर चम्पावत पुलिस अलर्ट, एसपी रेखा यादव ने दिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ की बैठक, बाजारों में महिला पुलिस की तैनाती और संदिग्धों के सत्यापन पर जोर
चम्पावत। आगामी दीपावली और धनतेरस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चम्पावत पुलिस अलर्ट हो गई है। बुधवार 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापार मंडल, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, सीएलजी सदस्यों और टैक्सी चालकों के साथ समन्वय बैठकें करने को कहा गया। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शाम के समय महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टीम तैनात कर नियमित गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए।
ज्वेलरी शॉप, बैंक, एटीएम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने को कहा गया। होटल, ढाबों, होमस्टे और किरायेदारों का सत्यापन तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
पटाखों की दुकानों पर रहेगी विशेष निगरानी
एसपी ने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानों के आसपास 50 से 100 मीटर की परिधि में आतिशबाजी, ज्वलनशील सामग्री और आग उत्पन्न करने वाले उपकरणों के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित की जाए। अग्निशमन विभाग को दुकानों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पैदल गश्त बढ़ाने तथा भीड़ को देखते हुए यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।
चम्पावत पुलिस की अपील
पुलिस ने जनपदवासियों से दीपावली और धनतेरस का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने तथा आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने को कहा गया है।