🔊
चम्पावत में महिलाओं की फूड वैन का शुभारम्भ, 10 लाख रुपये से स्थापित हुआ स्वरोजगार उद्यम
डीएम मनीष कुमार ने किया उद्घाटन, महिला विकास संकुल संघ खर्ककार्की की महिलाएं करेंगी संचालन
चम्पावत। महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में चम्पावत में नई पहल की गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को महिला विकास संकुल संघ, खर्ककार्की की फूड वैन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। ग्रामोत्थान–रीप परियोजना के सहयोग से स्थापित इस फूड वैन का संचालन संकुल संघ से जुड़ी महिलाएं करेंगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक उद्यम महिलाओं की आजीविका बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे। फूड वैन के माध्यम से महिलाएं खाद्य सामग्री की बिक्री कर नियमित आय अर्जित करने के साथ ही व्यवसाय संचालन का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगी।
10 लाख रुपये की लागत से स्थापित हुआ उद्यम
वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्थापित इस फूड वैन की कुल लागत 10 लाख रुपये है। इसमें रीप परियोजना की ओर से 6 लाख रुपये का सहयोग दिया गया है। वहीं महिला विकास संकुल संघ ने एक लाख रुपये का अंशदान किया है, जबकि तीन लाख रुपये का बैंक ऋण लिया गया है।
इस उद्यम के संचालन से महिलाओं को ग्राहक सेवा, विपणन और वित्तीय प्रबंधन जैसे कार्यों का अनुभव मिलेगा। इसके माध्यम से सामूहिक रूप से व्यवसाय संचालित करने और अपनी आय बढ़ाने के अवसर विकसित होंगे।
कार्यक्रम में महिला विकास संकुल संघ की ओर से सुनीता सेठी ने महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, पूर्व सभासद मोहन भट्ट, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष भानु तड़ागी, रीप के जिला परियोजना प्रबंधक ममराज चौहान, सहायक प्रबंधक सुनील कुमार, प्रकाश पाठक और सचिन चखवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।