🔊
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को खेल सामग्री, मंदिरों व समूहों को जरूरी सामग्री वितरित
आदर्श चम्पावत के संकल्प के साथ विकास कार्यों को मिली नई गति
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार "आदर्श चम्पावत" के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विकास कार्यों के साथ-साथ बच्चों को नशे से दूर रखने, उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों की धार्मिक एवं सामाजिक जरूरतों को पूरा करने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ जनों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम भी जाना गया।
"मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत मोराड़ी, जैगांव-जैतौली और पल्सों में बच्चों को क्रिकेट किट व अन्य खेल सामग्री दी गई। साथ ही मंदिरों और महिला समूहों को जरूरी बर्तनों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक एवं धार्मिक गतिविधियों को सहयोग देना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, दर्जा मंत्री मुकेश महराना, भाजपा चम्पावत नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रकाश बिनवाल, शक्तिपुरबूंगा के जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
बॉक्स
खेल से जुड़ें, नशे से दूर रहें, यही स्वस्थ एवं सशक्त चम्पावत का संकल्प है।