🔊
उत्तराखंड के कृषांग जोशी ने NEET-2025 में हासिल किया देश में तीसरा स्थान
चंपावत/अल्मोड़ा। भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2025 का परिणाम घोषित हो गया है। इसमें उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद अंतर्गत द्वाराहाट के सुंदरखोला निवासी कृषांग जोशी ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है।
कृषांग ने 720 में से 681 अंक प्राप्त कर 99.998189 परसेंटाइल हासिल की है। वह देश के टॉपर महेश कुमार से केवल तीन अंक पीछे रहे।
कृषांग चंपावत जिले के कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रही निर्मला गहतोड़ी के पौत्र हैं। उनके पिता कैप्टन मनोज जोशी मर्चेंट नेवी में कार्यरत रह चुके हैं और वर्तमान में न्यू मंगलौर पोर्ट में पोर्ट उप संरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। कृषांग की माता गृहणी हैं।
मनोज जोशी ने बताया कि कृषांग शुरू से ही मेधावी रहे हैं। उन्होंने 10वीं में 98% और 12वीं में 95% अंक प्राप्त किए। पुणे के आकाश इंस्टीट्यूट से कोचिंग लेने के दौरान उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें निशुल्क कोचिंग दी गई थी।
कृषांग की सफलता पर पूरे परिवार और चंपावत जिले में खुशी की लहर है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत, कृष्णा जोशी, मोहन जोशी, तारा जोशी, सुधीर साह समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।