🔊
उत्तराखंड- प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर युवक ने चाकू से गला रेतकर प्रेमिका की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार | 09 जुलाई 2025
सिडकुल थाना क्षेत्र में सोमवार को प्रेम संबंध के विवाद में 21 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। गुस्से में आकर प्रेमी ने युवती का चाकू से गला रेतकर उसकी जान ले ली और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
चार साल का रिश्ता, एक महीने पहले हुआ था ब्रेकअप
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मूल रूप से सीतापुर, यूपी की रहने वाली युवती रोशनाबाद में अपनी सहेली के साथ रह रही थी। वर्ष 2021 से वह अपने स्कूल समय के प्रेमी प्रदीप (निवासी हुसैनगंज, सीतापुर) के साथ हरिद्वार में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे।
लगभग एक महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और युवती ने प्रदीप से अलग रहने का निर्णय ले लिया। इसके बाद वह एक अन्य युवक के संपर्क में आ गई, जिससे प्रदीप नाराज था।
मिलने के बहाने बुलाकर की हत्या
सोमवार को प्रदीप ने नवोदय नगर कॉलोनी, 60 फुटा रोड स्थित सहकारी बैंक के सामने युवती को मिलने बुलाया और पुनः साथ रहने की बात की। लेकिन युवती ने जब स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया तो गुस्से में आकर प्रदीप ने जेब से चाकू निकालकर उसका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया।
चाकू पहले से खरीदा था, पूरी थी साजिश की तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रोशनाबाद की एक दुकान से पहले ही चाकू खरीद लिया था। यानी हत्या पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। हत्या के बाद युवती के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया और सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
प्रदीप को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
युवती के माता-पिता नहीं थे जीवित
पुलिस के अनुसार, युवती के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका था। प्रदीप ही उसे हरिद्वार लाया था और एक कंपनी में नौकरी भी लगवाई थी। करीब एक साल पहले युवती का भाई भी उनके साथ रहने आ गया था।