🔊
दुःखद -मुनस्यारी में जंगली मशरूम खाने से नानी और नातिन की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के आदेश
पिथौरागढ़/मुनस्यारी, 18 जुलाई 2025
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में जंगली मशरूम खाने से एक नानी और नातिन की मौत के गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने इसे संवेदनशील और गंभीर प्रकरण मानते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर 48 घंटे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा गठित जांच समिति की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक करेंगे। समिति में फिजिशियन डॉ. एससी रजबार और निश्चेतक डॉ. हेमंत शर्मा को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह—
उपचार प्रक्रिया,
चिकित्सकीय निर्णय,
रेफरल की समयबद्धता,
एवं चिकित्सा प्रोटोकॉल की अनुपालना
जैसे सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष एवं साक्ष्य-आधारित जांच कर 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट मुख्यालय को प्रेषित करे।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टम्टा ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा चिकित्सा प्रोटोकॉल का उल्लंघन पाया गया, तो दोषियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर जंगली खाद्य पदार्थों के उपयोग को लेकर जनजागरूकता की आवश्यकता की ओर भी संकेत करती है।