🔊
चम्पावत के एवरेस्ट विजेता वीरेंद्र सिंह सामंत बने युवाओं की प्रेरणा, जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
– चंपावत, 19 जुलाई 2025, सूवि।
उत्तराखंड की पर्वतीय वीरभूमि एक बार फिर साहसिक उपलब्धियों की गवाह बनी है। जनपद चंपावत के ग्राम बडौली निवासी वीरेंद्र सिंह सामंत ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) पर विजय प्राप्त कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। वीरेंद्र ने यह उपलब्धि 18 मई 2025 को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के 27 सदस्यीय विशेष पर्वतारोहण दल के साथ हासिल की। इस दल को 03 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली से रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
वीरेंद्र की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिलाधिकारी चंपावत श्री मनीष कुमार ने उन्हें अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने वीरेंद्र को बधाई देते हुए कहा कि,
> “जनपद चंपावत में ऐसी विलक्षण प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। वीरेंद्र जैसे युवाओं की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह जनपद को साहसिक खेलों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर है।”
वीरेंद्र सिंह सामंत ने बताया कि वे जनपद में राफ्टिंग, पर्वतारोहण, ट्रेकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहते हैं और इसके लिए एक स्थानीय साहसिक खेल क्लब की स्थापना की योजना बना रहे हैं।
इस विचार की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि जनपद के साहसिक खेल प्रेमियों को एक मंच पर लाने के लिए क्लब या समूह का गठन किया जाए, जिससे अन्य युवाओं को भी दिशा मिल सके। साथ ही जिलाधिकारी ने वीरेंद्र को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता, संसाधन और प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
वीरेंद्र की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत साहस और दृढ़ता का प्रतीक है, बल्कि यह जनपद चंपावत के युवाओं में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार करने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि भी है।