🔊
एक राखी ऐसी भी जो उत्तराखंड की संस्कृति और आत्मनिर्भरता की सुगंध लिए है, ऐपनकृति की राखियों से सजी लोककला की नई डोरी, पूजा गहतोड़ी को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
चंपावत 22 जुलाई 2025, सूवि।
उत्तराखंड की लोककला एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली 18 वर्षीय पूजा गहतोड़ी को जिला सभागार चंपावत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
जनपद चंपावत की पाटी निवासी पूजा, स्वर्गीय श्री नवीन चंद्र एवं श्रीमती कमला देवी की सुपुत्री हैं, जिन्होंने वोकल फॉर लोकल अभियान की भावना के अनुरूप पारंपरिक ऐपण कला से सजी सुंदर, वॉटरप्रूफ राखियाँ तैयार की हैं।
पूजा ने बताया कि उन्होंने उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला ऐपण को आधुनिक स्वरूप देकर राखियों में उतारा है। उन्होंने कार्डबोर्ड, मोती, धागे और रंगों की मदद से हाथ से बनाई इन राखियों को न केवल खूबसूरत बल्कि टिकाऊ भी बनाया है। इन राखियों को ऑनलाइन माध्यम से Instagram ID: Aipankriti के ज़रिए खरीदा जा सकता है।
वर्तमान में बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा पूजा ने पाटी कॉलेज से परीक्षाएं दी हैं और अब आगे की पढ़ाई लोहाघाट से करने की इच्छुक हैं। पूजा ने बताया कि यह संपूर्ण रचनात्मक कार्य उन्होंने स्वयं के विचार और प्रयासों से किया है, जिसमें पानी से खराब न होने वाले पतले बोर्ड का उपयोग कर धागों एवं मोतियों से सजाकर पारंपरिक रंग-रूप दिया गया है।
सम्मान समारोह में जिलाधिकारी सहित सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों ने पूजा द्वारा तैयार की गई राखियों को उत्साहपूर्वक खरीदा एवं उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पूजा ने सभी अधिकारियों एवं जिलाधिकारी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और भी मज़बूत करता है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देशित किया कि पूजा को जनपद में संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए एवं उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने हेतु उचित मंच प्रदान किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनपद में छिपी हुई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पंकज तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।