🔊
उत्तराखंड पंचायत चुनाव -वोट डालने के कुछ ही मिनटों बाद बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत, गांव में शोक की लहर
रुद्रप्रयाग, 24 जुलाई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान लोकतंत्र में भागीदारी निभाते हुए 77 वर्षीय ब्राह्मी दत्त थपलियाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग तो कर लिया, लेकिन मतदान के कुछ ही मिनटों बाद ही उनकी दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। यह दुखद घटना ग्राम पंचायत जयंती (ब्लॉक जखोली) की है।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद ब्राह्मी दत्त अपने परिजनों के साथ पोलिंग बूथ बरसिर पहुंचे। मतदान कर जब वह बूथ से बाहर निकले, तो लगभग दस मिनट बाद उन्हें सीने में तेज़ दर्द की शिकायत हुई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि वे जयंती गांव में ग्रेन डीलर (राशन विक्रेता) के रूप में भी कार्यरत थे। अब शुक्रवार को उनका पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दुबई से लौटे अमित कोठारी, गांव में डाला वोट
वहीं दूसरी ओर लोकतंत्र के प्रति प्रवासी मतदाताओं की निष्ठा भी देखने को मिली। ग्राम पंचायत कोठियाड़ा निवासी अमित कोठारी, जो वर्तमान में दुबई में कार्यरत हैं, खासतौर पर पंचायत चुनाव में भागीदारी निभाने के लिए दो दिन पहले ही गांव लौटे। बृहस्पतिवार को उन्होंने भी पोलिंग बूथ पहुंचकर अपना वोट डाला। अमित ने बताया कि वह पूर्व में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी विशेष रूप से वोट डालने भारत आए थे।
जनमानस में मिला-जुला भाव
एक ओर जहां ब्राह्मी दत्त थपलियाल की आकस्मिक मृत्यु से गांव में गहरा दुख है, वहीं दूसरी ओर देश-विदेश से लौटे मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र के प्रति विश्वास और श्रद्धा भी झलकती है।