🔊
उत्तराखंड: युवक की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या, हाथ भी काट कर अलग फेंका, पुरानी रंजिश की आशंका
टोडा कल्याणपुर (रुड़की), 25 जुलाई
टोडा कल्याणपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ 42 वर्षीय कंवरपाल की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव गांव के एक मंदिर के पास खून से लथपथ हालत में मिला।
परिजनों के अनुसार कंवरपाल तीन घंटे से लापता था। जब वे खोज में निकले तो उनका क्षत-विक्षत शव मिला, जिसकी पीठ, गला और पेट पर कई गहरे घाव थे। इतना ही नहीं, वहशत की हद पार करते हुए हमलावरों ने उसका एक हाथ तक काट दिया।
बताया जा रहा है कि कंवरपाल का बेटा सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात है। परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई है। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ नरेंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि, मामले में फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। सभी सबूतों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और गांव में पूछताछ का सिलसिला शुरू कर दिया है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और ग्रामीणों में डर का माहौल है।