🔊
अगले 18 घंटे भारी: कई जिलों में भारी बारिश व तूफान का येलो अलर्ट जारी
चंपावत, 29 जुलाई 2025 | सूवि।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार 29 जुलाई शाम 7:29 बजे से 30 जुलाई दोपहर 2:00 बजे तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, बिजली गिरने और तूफान की संभावना जताई गई है।
अलर्ट के दायरे में अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टेहरी गढ़वाल तथा उधम सिंह नगर जनपद शामिल हैं। खास तौर पर ऋषिकेश, जोशीमठ, कोटद्वार, हल्द्वानी और इनके आस-पास के क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तूफानी हवाओं के चलने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अत्यधिक सतर्कता बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों व जलस्रोतों के किनारे न जाएं। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
जिला आपदा प्रबंधन इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नागरिकों को समय-समय पर अपडेटेड मौसम सूचना प्राप्त करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।