🔊
नैनीताल में छात्रा से जुड़ा मामला बना तनाव का कारण, दूसरे समुदाय के युवक पर स्कूली छात्रा को ड्रग्स देने का आरोप, पुलिस सतर्क
नैनीताल। 30 जुलाई 2025
शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 11 की छात्रा और एक 30 वर्षीय युवक के बीच कथित संबंधों को लेकर सोमवार देर शाम को कोतवाली परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मामला तब सामने आया जब छात्रा के परिजन उसकी देर शाम तक घर न पहुंचने पर उसकी तलाश में कोतवाली पहुंचे और वहां उसे एक युवक के साथ बैठे देखा।
सूत्रों के अनुसार, युवक को पुलिस ने दिन में ही एक अन्य लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। आश्चर्य की बात यह रही कि छात्रा उस युवक के समर्थन में थाने पहुंची थी। यह देखकर परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने छात्रा को डांटा, जिसके बाद छात्रा ने परिजनों के साथ घर जाने से इनकार कर दिया।
विवाद ने लिया सांप्रदायिक रंग
घटना के बाद कोतवाली परिसर में मौजूद लोगों के बीच मामला सांप्रदायिक रंग लेने लगा। कुछ स्थानीय लोगों द्वारा कोतवाली के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि युवक लंबे समय से छात्रा के संपर्क में था और उस पर गलत प्रभाव डाल रहा था। उनका यह भी कहना है कि युवक उसे नशे की ओर उकसाता था, जिसे लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी।
काउंसलिंग व जांच जारी
पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग शुरू कर दी है और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मामला सामाजिक और पारिवारिक प्रकृति का है, इसलिए इसे भड़काने की बजाय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से निपटाया जाना चाहिए।
फोटो -प्रतिकारात्मक