🔊
चंपावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 100.03 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक गिरफ्तार, पिथौरागढ़ में फैक्ट्री से जुड़ी साजिश का भी हुआ खुलासा,इस संदर्भ में 01:00 बजे, पुलिस कार्यालय चंपावत में एसपी चंपावत की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का किया जायेगा आयोजन।
चंपावत, 2 अगस्त 2025।
एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर चल रही नशा विरोधी मुहिम के तहत चंपावत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीओ टनकपुर वंदना वर्मा के नेतृत्व में थाना बनबसा पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विशाल नरेन्द्र भण्डारी (उम्र 24 वर्ष) को 100.03 ग्राम एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग) के साथ गिरफ्तार किया।
अभियुक्त विशाल, मूल रूप से दोधारा चाँदनी, कंचनपुर (नेपाल) और हाल निवासी नालासोपारा ईस्ट, वसई, पालघर, मुंबई है। पुलिस पूछताछ में विशाल ने खुलासा किया कि यह ड्रग्स उसे उसके साथियों कुनाल कोहली, राहुल और रोशन ने दी थी, जो मुम्बई पुलिस व पिथौरागढ़ पुलिस की रेड के दौरान फरार हो गए थे।
विशाल ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपनी आईडी का उपयोग कर ऑनलाइन एमडीएमए ड्रग बनाने का रॉ मटेरियल मंगवाया और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पिथौरागढ़ में पोल्ट्री फार्म की आड़ में अवैध ड्रग फैक्ट्री स्थापित करने में मदद की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
चंपावत पुलिस की अपील:
जनता से अपील की गई है कि यदि किसी को अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियां, गोपनीय प्रयोगशालाएं, या तीखी गंध महसूस हो तो तुरंत 100/112 या निकटवर्ती थाना/चौकी को सूचित करें। जन सहयोग से ही ड्रग मुक्त उत्तराखंड का निर्माण संभव है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
थानाध्यक्ष बनबसा: सुरेन्द्र सिंह कोरंगा
एसओजी प्रभारी: लक्ष्मण सिंह जगवाण
हे.का.: गणेश सिंह, संजय शर्मा
का.: सीपी जगदीश कन्याल, गिरीश भट्ट, अनिल कुमार
प्रेस वार्ता सूचना:
आज दिनांक 02 अगस्त 2025, समय 01:00 बजे, पुलिस कार्यालय चंपावत में एसपी चंपावत की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया बंधुओं को आमंत्रित किया गया है।