🔊
बाराही धाम की वादियों में गूंजा कुमाऊनी भजन: ओ मैया भगवती, बग्वाल मेले पर चांदनी एंटरप्राइजेज के यूट्यूब चैनल से होगा रिलीज
देवीधुरा (चंपावत), 3 अगस्त 2025।
मां बाराही के पावन धाम देवीधुरा की वादियों में आज भक्ति की एक नई गूंज सुनाई दी, जब ओ मैया भगवती, तू भलि दिए मति, तू भल करिए, सब दुख हरिए... कुमाऊनी भजन की शूटिंग ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
यह भजन कानीकोट गांव के सुप्रसिद्ध साहित्यकार विजय मेहता द्वारा रचित है, जिन्होंने पूर्व में मां बाराही चालीसा एवं मां बाराही आरती जैसी कृतियों से हर घर में भक्ति की अलख जगाई थी। इस भजन को संगीतकार रणजीत सिंह ने स्वरबद्ध किया है, और स्वर दिया है कोकिलकंठी गायिका खुशी जोशी ने।
भजन की शूटिंग में नायक हिमांशु आर्या और नायिका गीता दुर्गापाल ने अपनी भक्ति भावनाओं से परिपूर्ण अदाकारी के ज़रिए मां बाराही के प्रति अटूट श्रद्धा को रूप दिया।
इस संपूर्ण परियोजना के निर्माता नरेंद्र टोलिया, चांदनी एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं, जो उत्तराखंड की लोक कला और संस्कृति को लगातार मंच प्रदान करते आ रहे हैं। श्री टोलिया ने बताया कि, मां बाराही की प्रेरणा से ही इस संकल्प ने रूप लिया। यह भजन पूरी टीम की आस्था और मां के प्रति श्रद्धा का परिणाम है, जिसे हम बग्वाल मेले के अवसर पर मां के चरणों में समर्पित करते हुए यूट्यूब चैनल से रिलीज करेंगे।
फोटो -
बाराही धाम में मां बाराही को समर्पित कुमाऊनी भजन की शूटिंग का एक भक्ति भाव से परिपूर्ण दृश्य, जिसमें नायक और नायिका की संगीतमयी मुद्रा दर्शनीय रही।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: