🔊
उत्तराखंड में बारिश बनी कहर: सड़कों पर भारी भूस्खलन, वाहनों में पत्थर गिरने से दो लोगों की की मौत, कई वाहन क्षतिग्रस्त
कोटद्वार/ऋषिकेश, 4 अगस्त 2025:
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही तेज बारिश लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार सुबह दो अलग-अलग हादसों में जहां कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सिद्धबली मंदिर के पास दो लोगों की मौत हो गई, वहीं ऋषिकेश-नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टूघाड के पास एक कार पर गिरे पत्थरों से बाल-बाल बचे यात्री।
कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: दो मृत, पांच घायल
किल्बोखाल से कोटद्वार आ रही एक मैक्स वाहन पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान और मलबा गिर गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सतबीर (20) और रविंद्र उर्फ मोटा (32) की मौके पर ही मौत हो गई।
पांच अन्य यात्री — मीनाक्षी, पंकज, सिमरन, चालक देवेंद्र और दिनेश घायल हुए हैं, जिनमें गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रशासन और राहत दलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया।
ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर हादसा: बाल-बाल बचे यात्री
इसी दिन सुबह घट्टूघाड के पास एक चलती कार पर अचानक पत्थर गिर पड़ा। तेज बारिश के कारण हुए इस हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कार सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
थाना लक्ष्मण झूला प्रभारी संतोष पैथवाल के अनुसार, मार्ग पर लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। एहतियातन पुलिस प्रशासन ने करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग को बंद रखा। इस दौरान अन्य दो-तीन वाहनों पर भी पत्थर गिरे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। लोक निर्माण विभाग और पुलिस की टीमें मार्ग को साफ करने में जुटी हुई हैं।
प्रशासन की अपील
इन घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक वर्षा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा से बचें, और आवश्यक होने पर ही निकलें।
राज्य में भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: