🔊
भारत ने इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत, ओवल टेस्ट छह रन से अपने नाम किया
भारत ने इंग्लैंड को उसके ही घर में ओवल टेस्ट में छह रन से हराकर इतिहास रच दिया है। यह मुकाबला टेस्ट क्रिकेट के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाएगा। भारत ने इंग्लैंड के सामने 374 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन इंग्लिश टीम 367 रन पर ही सिमट गई।
पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला का यह अंतिम मुकाबला था। इस जीत के साथ श्रृंखला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई। मैच के अंतिम दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन और भारत को चार विकेट की जरूरत थी। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और कुल पांच विकेट अपने नाम किए। प्रसिद्ध कृष्णा को चार और आकाश दीप को एक विकेट मिला।
पहली पारी में भारत ने 224 रन बनाए थे जबकि इंग्लैंड ने 247 रन बनाकर 23 रन की बढ़त ली थी। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए 396 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रन का लक्ष्य दिया।
इंग्लैंड की ओर से हैरी ब्रुक ने 111 और जो रूट ने 105 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज दबाव में टिक नहीं सके। आखिरी विकेट के रूप में एटकिंसन को सिराज ने यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। जैसे ही विकेट गिरा, भारतीय खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस मुकाबले में शुभमन गिल की अगुआई में एक युवा भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर दुनिया को चौंका दिया। क्रिकेट विशेषज्ञों ने इस दौरे से पहले भारत को फेवरेट नहीं माना था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने सभी अटकलों को गलत साबित करते हुए मुकाबला जीत लिया।
भारत की इस जीत को टेस्ट इतिहास की सबसे करीबी और यादगार जीतों में गिना जा रहा है। अब भारतीय टीम आत्मविश्वास के साथ आगामी घरेलू श्रृंखला की तैयारी करेगी।