🔊
उत्तराखंड - नवविवाहिता की हत्या: प्रेम विवाह के बाद मिला शव, पति फरार, बहन से जताई थी जान का खतरा
मंगलौर, हरिद्वार – मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा स्थित नबी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने बंद मकान से महिला का शव बरामद किया है। मृतका के पति के फरार होने से मामला और भी गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2025 में मुजफ्फरनगर निवासी समीर उर्फ राजा ने रामपुर निवासी जेबा खानम उर्फ मोना से प्रेम विवाह किया था। दोनों शादी के बाद से मंगलौर में रह रहे थे।
मृतका की बहन तरन्नुम ने बताया कि दो दिन पहले जेबा ने फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। उसने यह भी कहा था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसकी हत्या की जा सकती है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मकान पिछले दो दिन से बंद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जब घर में प्रवेश किया तो महिला का शव मिला। गले पर निशान और चेहरे की हालत बेहद खराब थी, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, सीओ विवेक कुमार और कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति समीर उर्फ राजा की तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।