🔊
मॉडल जिले के चयनित संस्कृत गांव खर्ककार्की से गूंजेगी देववाणी की अमृत गूंज, भारत भूमि में वैदिक संस्कारों की स्थापना का एकमात्र माध्यम है संस्कृत - दर्जा राज्य मंत्री
प्रकृति और संस्कृति को बाध कर रखने वाली भाषा को विकृत कर दिया है पाश्चात्य संस्कृति की छाया ने- जिलाधिकारी
चंपावत। राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड में प्रत्येक जिले में संस्कृत ग्राम की स्थापना कर देववाणी संस्कृत भाषा को उसे वैश्विक स्तर पर पुनर स्थापित कर भारतीय मूल्यों व आदर्शो को जनजन तक पहुंचाने के प्रयास का आज वर्चुअली मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एवं शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से संस्कृत ग्रामों का उद्घाटन किया। उन्होंने इस कार्य के लिए लोगों को बधाई दी कहा अब संस्कृत भाषा के अच्छे दिन आयेगे। मॉडल जिले में चयनित संस्कृत ग्राम खर्ककार्की में आज दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की अवधारणा को आगे बढ़ते हुए कहा कि भारत भूमि में वैदिक संस्कारों की पुर्नस्थापना संस्कृत भाषा से ही हो सकती है। ग्राम प्रधान मीना कार्की की अध्यक्षता एवं डॉ बीसी जोशी के संचालन में हुए समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिस देववाणी एवं सभी भाषाओं की जननी संस्कृत भाषा ने प्रकृति व संस्कृति को बांधकर रखा था उस पर पाश्चात्य संस्कृति की छाया का प्रभाव पड़ने से समाज विकृतियों से घिरता जा रहा है। उनका कहना था कि संस्कृत भाषा का ज्ञान ही व्यक्ति के आचार, विचार और संस्कारों को ही बदल देता है।
वक्ताओं ने संस्कृत भाषा के प्रसार के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई पहल का सभी ने स्वागत किया कहा उनकी इस पहल से देश के सभी महान संतो, विचारको, विद्वानों का आशीर्वाद भी मिलेगा। संस्कृत भाषा के विद्वान डॉ कीर्ति वल्लभ सक्टा ने कहा संस्कृत ग्राम की अवधारणा के पीछे संस्कृत अकादमी द्वारा यहां एक शिक्षक की तैनाती कर वह संस्कृत को बोलचाल की भाषा बनाने के साथ उसे व्यवहार में लाने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के संयोजक डॉ यशोदा प्रसाद ने विस्तार से योजना की जानकारी दी। यूनिवर्सल कन्वेंट स्कूल के प्रबंधक शाम श्याम सिंह कार्की ने संस्कृत ग्राम की मेजबानी के लिए उनके गांव के चयन हेतु मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे एवं कुर्माचल एंगलो संस्कृत विद्यालय, चंपावत के प्राचार्य बसंत बल्लभ पांडे अपने विद्यालय के छात्रों के साथ उपस्थित थे। छात्रों द्वारा सरस्वती वंदना के श्वरो से वातावरण में नई ताजगी पैदा कर दी। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, राधेश्याम खर्कवाल, एडवोकेट शंकर दत्त पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद थे।
फोटो - कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि समेत जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथि।