🔊
उत्तराखंड -शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, होटल में नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप
किच्छा। पुलभट्टा थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और नशीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब छह–सात साल पहले उसकी मुलाकात गांव के युवक से हुई थी। युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर लगातार शारीरिक शोषण किया। वह कहता था कि पहले भाई और बहन की शादी होने के बाद ही वह शादी करेगा। आरोप है कि युवक की शादी छह महीने पहले हो चुकी है, लेकिन उसने संबंध बनाना जारी रखा।
11 अगस्त को आरोपी युवक युवती को रुद्रपुर रोडवेज के पास स्थित एक होटल ले गया। यहां उसने जबरन शारीरिक शोषण किया और कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद युवती की तबीयत बिगड़ने लगी। युवक उसे किच्छा के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बाद में युवती और अपने परिजनों को सूचना दी गई और उसे रुद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवती का आरोप है कि आरोपी अब उससे पीछा छुड़ाना चाहता था और इसी वजह से उसने उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।