🔊
चंपावत में बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, 256.96 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी
चंपावत: उत्तराखंड सरकार ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। चंपावत में 256.96 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
महिला खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण
इस स्पोर्ट्स कॉलेज के बनने से राज्य की महिला खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे न सिर्फ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, बल्कि उत्तराखंड देशभर में खेलों के क्षेत्र में अपनी पहचान भी मजबूत करेगा।
अन्य विकास परियोजनाएं भी स्वीकृत
इस बैठक में कुल 375.93 करोड़ रुपये की सात विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें चंपावत के इस स्पोर्ट्स कॉलेज के अलावा, उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में चैन लिंक फेंसिंग, देहरादून और ऊधम सिंह नगर में फ्लैटेड फैक्ट्री, हरिद्वार में आईआईई सिडकुल के अपग्रेडेशन और मसूरी मोटर मार्ग पर भूस्खलन रोकने के लिए सुरक्षा कार्यों को भी हरी झंडी दी गई है।
उत्तराखंड में खेलों को मिलेगा नया आयाम
राज्य सरकार की इस पहल से उत्तराखंड में खेलों का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है। खासकर महिलाओं के लिए यह स्पोर्ट्स कॉलेज भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।