🔊
नैनीताल - अग्निकांड की आंच के बीच सामान चोरी, ओल्ड लंदन हाउस में भीषण अग्निकांड, 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, करोड़ों का नुकसान
नैनीताल। शहर के मल्लीताल मोहन को चौराहे पर स्थित ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस में बुधवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में 82 वर्षीय शांता बिष्ट की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भवन की ऊपरी मंजिल पूरी तरह राख हो गई। भूतल पर स्थित दुकानों में पानी भरने से भारी नुकसान हुआ।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद देर रात एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। इसके बाद टीम ने भवन से बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। शांता बिष्ट के निधन से परिजनों और स्थानीय लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
करोड़ों का नुकसान
अग्निकांड में भवन की एक मंजिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि भूतल में स्थित छह दुकानों का सामान पानी से खराब हो गया।
भवन व दुकानदारों के अनुसार नुकसान एक करोड़ रुपये से अधिक का हुआ है।
वहीं, राजस्व विभाग ने प्रारंभिक आकलन में 50 लाख रुपये का नुकसान माना है।
आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
घटना के कारणों को लेकर प्रशासन असमंजस की स्थिति में है। कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट और कुछ ने वेल्डिंग कार्य को आग लगने की वजह बताया। एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और राहत कार्यों में हुई कमियों की भी समीक्षा होगी।
राहत व मुआवजा
प्रशासन ने साफ किया कि यह घटना दैवीय आपदा की श्रेणी में नहीं आती। ऐसे में शासन को प्रस्ताव भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने की संस्तुति की जाएगी।
मदद भी, चोरी भी
आग बुझाने और सामान बचाने के दौरान कई लोग मदद को आगे आए, लेकिन कुछ लोगों ने मौके का फायदा उठाकर फर्नीचर व गहनों की चोरी कर ली। पीड़ित दुकानदारों ने इसकी शिकायत प्रशासन से की है।
भवन जर्जर, हटाया जाएगा हिस्सा
ब्रिटिशकालीन ओल्ड लंदन हाउस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जो राहगीरों के लिए खतरा बन गया है। प्रशासन ने भवन के चारों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है। नगर पालिका और जिला विकास प्राधिकरण को जला हुआ हिस्सा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
फोटो - लंदन हाउस
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: