🔊
चारधाम यात्रा पर रोक, आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : रुद्रप्रयाग पुलिस
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त ने चारधाम यात्रा और श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा को 5 सितम्बर तक स्थगित कर दिया है। आदेशों का अनुपालन कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।
पुलिस के अनुसार चौकी जवाड़ी बाईपास पर आने वाले यात्री वाहनों को वापस भेजा जा रहा है। विगत में कई बार आदेशों के बावजूद कुछ ट्रांसपोर्टर और ट्रैवल एजेंसियां यात्रियों को हरिद्वार और ऋषिकेश से लाकर उनकी जान को जोखिम में डालते रहे हैं।
इस बार यदि किसी ट्रांसपोर्टर या ट्रैवल एजेंसी द्वारा आदेशों की अवहेलना कर यात्रियों को जनपद सीमा में लाया जाता है तो न केवल उनके लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी बल्कि वाहन चालकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनमानस और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और जहां हैं वहीं सुरक्षित रहें।