🔊
उत्तराखंड- अवैध सर्प विष संग्रहण केंद्र पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर बरामद
हरिद्वार वन प्रभाग की टीम ने मंगलवार को ग्राम खंजरपुर में अवैध रूप से संचालित सर्प विष संग्रहण केंद्र पर छापा मारकर 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर को कब्जे में लिया। गौरतलब है कि ये दोनों प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-1 में संरक्षित श्रेणी में आती हैं।
मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पता चला कि केंद्र का संचालन नितिन कुमार के नाम से हो रहा था। नितिन कुमार को दिसंबर 2022 में ग्राम बिशनपुर, ज्वालापुर में एक वर्ष के लिए सशर्त अनुमति दी गई थी, जो दिसंबर 2023 में समाप्त हो चुकी थी। वर्तमान में उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं थी।
छापेमारी के दौरान केंद्र के प्रतिनिधि विष्णु की मौजूदगी में सभी सांपों को कब्जे में लिया गया। इसके बाद विभाग ने भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।
कार्रवाई के दौरान हरिद्वार वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी रुड़की सुनील बलूनी, वन क्षेत्राधिकारी रुड़की विनय राठी, राजाजी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक एवं वन्यजीव प्रतिपालक अजय लिंगवाल, सुरक्षा बल तथा पीपुल फॉर एनिमल्स संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।