🔊
टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगा सुगम सफर
टनकपुर: उत्तराखंड और राजस्थान के बीच यात्रा को सुगम बनाने के लिए 15092/15091 टनकपुर-दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। इस नई रेल सेवा को भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कहा, "यह कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अब और सुगम होगी।"
राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इस अवसर पर कहा, "आज हिंदू नव वर्ष के शुभारंभ के साथ ही इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा की शुरुआत हो रही है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। हम पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल सेवाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं। टनकपुर से बागेश्वर और रामनगर-चौकुटिया रेल लाइन के सर्वेक्षण किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में पहाड़ी क्षेत्रों में भी रेल सुविधा का विस्तार होगा।"
रेल सेवा का संचालन और लाभ
टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का नियमित संचालन 30 मार्च 2025 से शुरू होगा। यह ट्रेन टनकपुर से प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी, जबकि दौराई से इसकी वापसी प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को होगी।
इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के बीच यातायात सुगम होगा। इससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा, ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के तहत क्षेत्रीय हस्तशिल्प और विशेष उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन
इस एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 16 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इनमें 01 जनरेटर सह लगेज यान, 04 साधारण द्वितीय श्रेणी कोच, 05 शयनयान श्रेणी कोच, 03 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी कोच, 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच, 01 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी कोच तथा 01 एलएसआरडी कोच शामिल हैं।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, डीआरएम वीणा सिन्हा और एसआर डीसीएम संजीव शर्मा सहित कई अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।
टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का संचालन क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: