🔊
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, 17 सितंबर तक बरसात का दौर जारी रहने की संभावना
देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जारी करते हुए पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट घोषित किया है।
जारी अलर्ट के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भारी दौर की बारिश देखी जा रही है। हालांकि मैदानी जिलों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ चुकी है।
पूर्वानुमान के अनुसार 17 सितंबर तक प्रदेशभर में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर बना रहेगा।
प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। खासकर नदियों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।