🔊
चंपावत में सड़क अवसंरचना को मिला नया विस्तार, 43.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति
चंपावत, 31 मार्च 2025: उत्तराखंड सरकार द्वारा केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) योजना के तहत चंपावत जनपद में एक महत्वपूर्ण सड़क सुधार परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के लिए 43.11 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिससे जिले में सड़क सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्र जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने बताया कि इस स्वीकृति को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित दरों और सीआरआईएफ अधिनियम, 2000 के अंतर्गत जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदान किया गया है। इस परियोजना के तहत काठगोदाम-खुटानी-पदमपुरी-धानाचूली-देवीधुरा-लोहाघाट-पंचेश्वर मोटर मार्ग का डीबीएम एवं बीसी विधि से सुधार कार्य किया जाएगा। इस मार्ग की कुल लंबाई 36 किमी है और इसके विकास हेतु 43.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उत्तराखंड राज्य को कुल 453.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिसके अंतर्गत 332.90 किमी लंबी सड़कों का निर्माण और 3 पुलों का निर्माण कार्य भी शामिल है। इस परियोजना के तहत चंपावत जनपद में यातायात की सुगमता बढ़ेगी, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त, यह सुधार कार्य क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास में भी सहायक सिद्ध होगा।