🔊
21 सितम्बर को चम्पावत में होगी UKSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा, परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर दायरे में लागू रहेगी निषेधाज्ञा
चम्पावत, 18 सितम्बर 2025।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSC) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार, 21 सितम्बर 2025 को जनपद चम्पावत के 07 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा।
इनमें शामिल परीक्षा केन्द्र हैं -
जवाहर नवोदय विद्यालय लटोली चम्पावत
जीजीआईसी चम्पावत
जीआईसी चम्पावत
मल्लिकार्जुन स्कूल चम्पावत
होली विज़डम स्कूल चम्पावत
यूनिवर्सल कान्वेंट स्कूल चम्पावत
विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चम्पावत
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी चम्पावत श्री अनुराग आर्या ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अंतर्गत परीक्षा केन्द्रों से 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
निषेधाज्ञा के प्रमुख बिंदु
परीक्षा केन्द्रों की परिधि में 05 या उससे अधिक व्यक्तियों का समूह एकत्रित नहीं होगा।
लाउडस्पीकर, ढोल-नगाड़ा अथवा किसी भी प्रकार के वाद्य यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
हथियार, लाठी-डण्डा, हॉकी, वार, आग्नेयास्त्र अथवा घातक वस्तुएं परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर दायरे में लाना वर्जित रहेगा।
परीक्षा को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैधानिक कार्य, षड्यंत्र या उत्प्रेरणा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह आदेश 21 सितम्बर 2025 को प्रातः 09:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-223 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्षों पर होगी।