🔊
आदर्श चम्पावत की दिशा में एक और पहल : अमोड़ी में ₹1.60 करोड़ की लागत से वे साइड एमिनिटी का निर्माण, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
चम्पावत 25 सितंबर 2025, सूवि।
माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप ग्राम उत्थान परियोजना रीप एवं उत्तराखंड कृषि उत्पादन एवं विपणन बोर्ड, रुद्रपुर के सहयोग से अमोड़ी क्षेत्र में लगभग ₹1.60 करोड़ की लागत से वे साइड एमिनिटी (Way Side Amenities) की स्थापना की जा रही है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देना, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
इस परियोजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए विश्राम स्थल, आधुनिक शौचालय, जलपान की व्यवस्था, तथा स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प की बिक्री केंद्र विकसित किए जाएंगे।
इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों और किसानों को भी अपने उत्पादों के विपणन का मंच प्राप्त होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने परियोजना स्थल अमोड़ी का निरीक्षण कर कार्ययोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ गहन चर्चा की तथा ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जरूरतों और सुझावों को सुना। डॉ. खाती ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर योजना में शामिल किया जाएगा ताकि यह परियोजना वास्तव में स्थानीय जनता के लिए उपयोगी और जनसहभागिता पर आधारित बन सके।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना कार्यों को उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएँ न केवल क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस परियोजना को अपनी योजना समझकर सक्रिय सहयोग दें।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी मा० मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय श्री केदार सिंह बृजवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री पी.एस. बृजवाल, सहायक परियोजना निदेशक सुश्री विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: