🔊
यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामला: युवाओं की मांग पर सीएम धामी ने दी सीबीआई जांच की संस्तुति, धरना स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री, छात्रों पर दर्ज मुकदमे भी वापस लेने की घोषणा
देहरादून/हरिद्वार, 29 सितंबर 2025।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 21 सितंबर को आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र के तीन पन्ने बाहर आने का मामला लगातार विवादों में बना हुआ था। यह पन्ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही युवाओं ने पेपर लीक का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
लगातार आठ दिनों से आंदोलनरत युवाओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आज एक बड़ा फैसला हुआ। रविवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी युवाओं से वार्ता की।
सीएम धामी ने मौके पर ही युवाओं की मांग को स्वीकार करते हुए सीबीआई जांच की संस्तुति दी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि परीक्षा से संबंधित मामले में जिन अभ्यर्थियों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। इसके लिए प्रदर्शनकारियों से कहा गया है कि वे संबंधित अभ्यर्थियों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएँ।
बता दें कि इससे पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी युवाओं से वार्ता की थी, किंतु प्रदर्शनकारी अपनी सीबीआई जांच की मांग पर अड़े रहे। अंततः मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामले का समाधान होता दिख रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।