🔊
स्टेट मिलेट मिशन 2025 के तहत चंपावत में मंडुवा व झंगोरा की खरीद शुरू, किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए खोले गए 22 क्रय केंद्र
चंपावत, 07 अक्टूबर 2025 (सूवि):
स्टेट मिलेट मिशन योजना 2025 के अंतर्गत खरीफ सत्र 2025-26 में जनपद चंपावत के किसानों से मंडुवा, झंगोरा और अन्य मिलेट उत्पादों की खरीद शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित कराना है। इसके लिए उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ लिमिटेड (UCF) के माध्यम से सहकारी समितियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में खरीद प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि 01 अक्टूबर 2025 से जनपद में क्रय केंद्र संचालित हो चुके हैं। पिछले वर्ष प्रचार-प्रसार की कमी के कारण कुछ किसानों को योजना की जानकारी नहीं मिल सकी थी। इस बार प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
इस योजना के तहत किसान मंडुवा, झंगोरा, सोयाबीन, चौलाई, राजमा आदि उत्पाद सहकारी क्रय केंद्रों पर बेचकर उचित मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी कृषकों से अपील की कि वे अपने उत्पाद निर्धारित क्रय केंद्रों पर बेचकर अपनी आय बढ़ाएँ।
जिला सहायक निबंधक सहकारी समिति श्री प्रेम प्रकाश ने बताया कि जनपद चंपावत में मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत कुल 22 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें प्रमुख हैं -
चंपावत, कोट अमोडी, हस्तोला, धूरा, सीमियां, मंच, सिप्टी, चानमारी, खतेड़ा, धरमघर, डुमडई, दिगालीचौड़, बांजगांव, रौलमेल, देवीधूरा, दूबड़, गोशनी, चौड़ामेहता, बाराकोट, वल्सों, इन्द्रपुरी और बापरू बहु-उद्देशीय सहकारी समितियाँ।