🔊
पंचेश्वर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एंग्लिंग मीट, देश-विदेश से आए एंगलर्स ने लिया भाग
चंपावत, 6 अप्रैल 2025 – उत्तराखंड के चंपावत जनपद स्थित पंचेश्वर में 4 से 6 अप्रैल तक आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एंग्लिंग मीट का सफल आयोजन हुआ। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु मत्स्य विभाग एवं पर्यटन विभाग चंपावत के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में देश-विदेश से आए 15 से अधिक अनुभवी एंगलर्स ने भाग लिया।
इस आयोजन के दौरान एंग्लिंग गतिविधियों की निगरानी के लिए स्थानीय युवाओं को पंचेश्वर महाशीर मत्स्य समिति के माध्यम से मार्शल्स के रूप में नियुक्त किया गया। प्रतिभागियों ने पंचेश्वर की सुरम्य नदी में महाशीर मछली का शिकार कर, पर्यावरण संरक्षण की भावना के तहत उसे वापस नदी में छोड़ दिया।
रविवार को जिलाधिकारी नवनीत पांडेय ने समापन समारोह में शिरकत की और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “पंचेश्वर को एक अंतर्राष्ट्रीय एंग्लिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”
मत्स्य विभाग ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से विलुप्त होती महाशीर मछली के संरक्षण के लिए जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है। जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने कहा कि पंचेश्वर क्षेत्र को एक उभरते हुए साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
प्रतिभागियों ने पंचेश्वर को एंग्लिंग के लिए एक आदर्श स्थल बताते हुए इसकी प्राकृतिक सुंदरता और संभावनाओं की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिल मत्स्य प्रभारी कुंवर सिंह बगड़वाल, जिला पर्यटन अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।