🔊
स्नातक स्तरीय परीक्षा निरस्त, 3 माह बाद होगी पुनः परीक्षा - उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
देहरादून, 11 अक्टूबर 2025।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा दिनांक 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। आयोग ने परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाये रखने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया है।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि परीक्षा समाप्ति के बाद लगभग 1:30 बजे सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र के कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने तत्काल एसएसपी देहरादून को कार्रवाई हेतु सूचना प्रेषित की। प्राथमिक जांच के बाद थाना रायपुर, देहरादून में मु0अ0सं0-0301/2025 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
सरकार ने इस प्रकरण की जांच हेतु कमीशन ऑफ इन्क्वायरी एक्ट 1952 के तहत (सेवानिवृत्त) न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित किया। आयोग की अंतरिम जांच रिपोर्ट 8 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुई, जिस पर विचार के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।
आयोग ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और जनमानस का विश्वास सर्वोपरि है। ऐसे में परीक्षा को संदेह से परे रखना आवश्यक है।
आयोग ने आगे बताया कि रद्द की गई परीक्षा की पुनः परीक्षा आगामी तीन माह के भीतर आयोजित की जाएगी।