🔊
चम्पावत: UCC पोर्टल पर विवाह पंजीकरण विषयक कार्यशाला का आयोजन नागरिक अब स्वयं करा सकते है आसानी से पंजीकरण
चंपावत के अधिकारी और कार्मिकों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
चंपावत, 07 अप्रैल 2025 (सूवि)।
उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पोर्टल पर विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने की।
कार्यशाला के दौरान जन सुविधा केंद्र चंपावत के जिला प्रबंधक जसवंत द्वारा UCC पोर्टल के माध्यम से विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और अपलोडिंग के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि पति-पत्नी की फोटो, आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), निवास प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र (जैसे जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की मार्कशीट, पैन कार्ड या पासपोर्ट) सहित अन्य वैकल्पिक दस्तावेज जैसे विवाह आमंत्रण पत्र, बिजली बिल, किरायेदार सत्यापन पत्र आदि आवश्यक होते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल का तकनीकी संचालन भी सिखाया गया, जिससे अधिकारी और कर्मचारी विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ सकें। विशेष रूप से यह जानकारी दी गई कि 26 मार्च 2010 के बाद हुए सभी विवाहों का पंजीकरण अब अनिवार्य रूप से UCC पोर्टल पर किया जाना है।
अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी ucc.uk.gov.in पोर्टल पर या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से विवाह पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पोर्टल में नागरिकों की सभी जानकारी सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को साझा किया, जिनका समाधान भी मौके पर किया गया। कार्यशाला के अंतर्गत एक कार्मिक का विवाह पंजीकरण करके प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिया गया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तनुज रावल सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।