🔊
उत्तराखंड: आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने दिया इस्तीफा, संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में मिली नई जिम्मेदारी, चम्पावत में रह चुके है पुलिस अधीक्षक
देहरादून/पौड़ी।
उत्तराखंड पुलिस सेवा से एक बड़ी खबर सामने आई है। पौड़ी जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका चयन संयुक्त राष्ट्र (UN) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा संगठन में हुआ है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी सेवाएं देंगे।
सूत्रों के अनुसार, आईपीएस लोकेश्वर सिंह ने उत्तराखंड सरकार को भेजे अपने आवेदन में अंतरराष्ट्रीय पदभार ग्रहण करने की अनुमति मांगी है और आवश्यक अनुमोदन के बाद कार्यमुक्ति की मांग की है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने विगत 11 वर्षों की सेवा अवधि में उत्तराखंड पुलिस को नई दिशा और सशक्त जनसंपर्क मॉडल प्रदान किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, चंपावत तथा पिथौरागढ़ जनपदों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उनकी पहचान एक ईमानदार, अनुशासित और जनसंपर्क में कुशल अधिकारी के रूप में रही है।
जनपद चंपावत में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण के लिए कई प्रभावी अभियान चलाए थे।
लोकेश्वर सिंह का यह चयन उत्तराखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है, क्योंकि यह राज्य पुलिस के पेशेवर कौशल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा को और ऊँचा करेगा।