🔊
किसानों के धान की खरीद में भारी अनियमितताएँ - आनंद सिंह माहरा, भाजपा सरकार केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है, किसानों को मिल नहीं रहा एमएसपी का लाभ
देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव आनंद सिंह माहरा ने राज्य सरकार पर धान खरीद को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ छल कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार “एक-एक दाना खरीदने” के दावे कर अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रही है, जबकि हकीकत यह है कि मंडियों में किसानों का धान औने-पौने दामों में बिक रहा है और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह अव्यवस्थित है।
माहरा ने कहा कि धान खरीद केंद्रों पर लंबी कतारें, धान से भरी ट्रॉलियों में चौकीदारी करते किसान और तौल प्रक्रिया में लापरवाही इस बात का सबूत हैं कि सरकार के दावे केवल दिखावे के हैं। किसानों को न तो एमएसपी का लाभ मिल रहा है, न बाढ़ मुआवज़ा, ऊपर से खाद की कमी ने उनकी स्थिति और दयनीय बना दी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने कच्चे आढ़तियों और बिचौलियों को एमएसपी पर खरीद के लाइसेंस देकर किसानों के अधिकारों को कमजोर कर दिया है। प्रशासन किसानों को भ्रमित कर रहा है और खरीद में देरी से उनकी फसलें खराब हो रही हैं।
माहरा ने कहा कि त्योहारी सीजन में भी मंडियों में अव्यवस्था बनी हुई है। किसान मजबूर होकर निजी गोदामों में औने-पौने दामों पर धान बेचने को विवश हैं, जहां नमी जांच और तौल में मनमानी की जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश से सस्ते में खरीदे गए धान को उत्तराखंड के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर “खरीद” दिखाया जा रहा है, जिससे प्रदेश के वास्तविक किसानों के साथ धोखा हो रहा है।
अंत में, माहरा ने माँग की कि प्रदेश सरकार तुरंत संज्ञान लेकर विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दे, ताकि धान की सरकारी खरीद समय पर, पारदर्शी और किसानों के हित में हो सके।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: