🔊
एफआरआई में रजत जयंती कार्यक्रम की तैयारियों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एफआरआई (Forest Research Institute) देहरादून पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का यह अवसर उत्तराखंडवासियों के लिए गर्व और उत्सव का क्षण है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्य की विकास यात्रा, संस्कृति और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष के तहत पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे लोगों में उत्साह और एकता का संदेश पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि इस कार्यक्रम को यादगार बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।
मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे जिन्होंने स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैयारियों की समीक्षा की।