🔊
घाट: गहरी खाई में गिरा रेत से भरा टिप्पर, एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
उत्तराखंड | दुर्घटना
पिथौरागढ़: जिले की खड़कू भल्या सड़क पर शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब रेत से भरा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। यह हादसा घाट क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर हुआ, जहां सरयू नदी से रेत भरकर टिप्पर पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था।
हादसे में धमोड़ (पिथौरागढ़) निवासी रवि कुमार (28) पुत्र प्रकाश राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
घटनास्थल पर पहुंची उप निरीक्षक आनंद सिंह मेहता के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने शव को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना स्थल की सड़क बेहद संकरी थी, जिससे वाहन चालक को मोड़ पर संतुलन बनाने में परेशानी हुई।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक मोड़ों और संकरी सड़कों पर शीघ्र सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
-