🔊
मुख्यमंत्री के क्षेत्र के गांव अब भी विकास से वंचित - कांग्रेस प्रदेश महासचिव आनंद सिंह महरा बोले, सरकार की नीतियों ने खेतों को बंजर और गांवों को सुनसान बना दिया
चंपावत, 13 नवंबर
उत्तराखंड अपनी रजत जयंती मना रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के कई गांव अब भी विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर हैं। मोनपोखरी, रकुवर, भंडारबोरा जैसे गांव आज भी सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
कभी यही क्षेत्र अपनी उपजाऊ भूमि और समृद्ध खेती के लिए जाना जाता था। भंडारबोरा की बासमती चावल, रकुवर के आम, अमरूद, पपीते और केले पूरे जिले में प्रसिद्ध थे। मगर अब सड़क और सुविधाओं के अभाव में गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। खेत सूने हैं और खेती संकट में है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव आनंद सिंह महरा ने कहा कि,
सरकार की नीतियों ने खेतों को बंजर और गांवों को सुनसान बना दिया है। मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद यहां विकास नाम मात्र का है। अगर समय रहते जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में पूरा पहाड़ खाली हो जाएगा।
श्री महरा ने आगे कहा कि सरकार सिर्फ योजनाओं और भाषणों में विकास दिखा रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने मांग की कि सरकार को तत्काल सड़क, स्वास्थ्य केंद्र और शिक्षा सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए, ताकि पलायन रुके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था फिर से सशक्त हो सके।