🔊
उत्तराखंड : दो अफसर तत्काल निलंबित, सड़क सुधार में लापरवाही और गलत रिपोर्ट भेजने का मामला
उत्तराखंड | 22 नवंबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा संचालित गड्ढामुक्त सड़क अभियान को हल्के में लेना दो अधिकारियों को भारी पड़ गया। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत निर्माण खंड में तैनात प्रभारी अभियंता विजेंद्र सिंह मेहर और सहायक अभियंता के.के. पांडेय को गंभीर लापरवाही और शासन को गलत रिपोर्ट भेजने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों को क्षेत्रीय कार्यालय अल्मोड़ा से संबद्ध रखा जाएगा।
निरीक्षण में खुली बड़ी गड़बड़ी
मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलों को आदेश दिया था कि सड़कें जल्द से जल्द गड्ढामुक्त की जाएं। इसके बाद विभागों ने सुधार कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजी।
लेकिन प्रमुख अभियंता द्वारा मौके पर किए गए निरीक्षण में बड़ा खुलासा सामने आया-
पंतगांव-रौलापानी रोड
भिकियासैंण-बिनायक रोड
भिकियासैंण बाजार-बाड़ीकोट पुल मार्ग
इन सभी सड़कों पर पैच रिपेयर प्लान के अनुसार कोई वास्तविक कार्य नहीं किया गया। इसके विपरीत विभागीय अभिलेखों में सुधार कार्य पूरा होने की गलत जानकारी दर्ज कर शासन को भेज दी गई थी।
शासन की कड़ी कार्रवाई
मुख्य अभियंता की तथ्यात्मक रिपोर्ट के बाद शासन ने तत्काल प्रभाव से दोनों अभियंताओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिए।
यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि सरकार गड्ढामुक्त सड़क अभियान पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।