🔊
टनकपुर में नशामुक्ति का संकल्प-सेवा संकल्प (धारिणी) की मुहिम ने युवाओं में जगाई नई चेतना, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज में सैकड़ों युवाओं ने लिया नो टू ड्रग्स का संकल्प, विशेषज्ञों ने दिए जीवन कौशल व स्वास्थ्य जागरूकता के महत्वपूर्ण संदेश।
टनकपुर। क्षेत्र में नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में भव्य जागरूकता एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
आयोजन की शुरुआत सूचना विभाग के कुमाऊँ लोक सांस्कृतिक कला दर्पण, लोहाघाट दल द्वारा प्रस्तुत मार्मिक नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। इसके बाद नशा मुक्ति पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसने युवाओं को गहराई से जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त उत्तराखंड विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवा प्रतिभाओं ने नशे की चुनौतियों और समाधान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। परीक्षकों ने उत्तम तिवारी को प्रथम, मोनिका पांडे को द्वितीय और दिया जोशी को तृतीय स्थान घोषित किया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ और दून मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरीटेंडेंट श्री नंदन सिंह बिष्ट ने उपस्थित युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने तनाव प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास और जीवन कौशल पर सार्थक सुझाव देते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के डायरेक्टर श्री एच.एल. मंडोलिया ने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि वे नशे से दूर रहें तो राज्य का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल होगा।
सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की संस्थापक ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी ने सभी प्रतिभागियों को सामूहिक नशा मुक्ति शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है, और यदि एक भी युवा इस मुहिम से लाभान्वित होता है तो यह अभियान सफल माना जाएगा। आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, महिला जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठन, पुलिस अधिकारी, एनटीएफ प्रभारी, कॉलेज प्रशासन व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
युवाओं ने कार्यक्रम के अंत में नो टू ड्रग्स सेल्फ़ी अभियान में भाग लेकर नशा मुक्त समाज के लिए अपना संकल्प सार्वजनिक किया।
फोटो कैप्शन:मेडिकल टीम से दवाओं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेते हुए- गीता धामी
स्वास्थ्य जागरूकता के साथ नशा मुक्ति संदेश को भी दिया गया मजबूत समर्थन।