🔊
स्कूल में मिली 161 जैलेटिन ट्यूबों का राज बेनकाब; चम्पावत जिले का सड़क निर्माण ठेकेदार गिरफ्तार, ठेकेदार ने कबूला सच-2018 में सड़क निर्माण के लिए मंगाई थीं जैलेटिन ट्यूबें
अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा के पास झाड़ियों से बरामद 161 जैलेटिन ट्यूबों के रहस्य से आखिरकार पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बनाई गई विशेष टीमों ने तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है, जिससे क्षेत्र में फैली दहशत खत्म हुई है।
ठेका कार्य से जुड़ा निकला पूरा मामला
पुलिस ने मंगलवार को प्रशांत कुमार बिष्ट (35) निवासी गरसारी, पाटी चंपावत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2016-17 में उसने डभरा क्षेत्र में तीन किलोमीटर सड़क निर्माण का ठेका लिया था। वर्ष 2018 में चट्टान आने पर उसके पार्टनर लवी ने किसी व्यक्ति से बात कर जैलेटिन ट्यूब मंगाई थीं। कार्य पूरा होने के बाद यह सामग्री कमरे में ही पड़ी रह गई, जिसकी किसी ने सुध नहीं ली।
सफाई के दौरान झाड़ियों में पहुंचीं विस्फोटक ट्यूबें
आरोपी के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान उसने पास में एक कमरा किराये पर लिया था। 6-7 साल तक उसने किराया भी साफ नहीं किया और कमरे को खाली नहीं किया। जून 2025 में मकान मालिक हिम्मत सिंह ने उससे संपर्क किया, लेकिन आरोपी नहीं लौटा। मजबूरन मकान मालिक ने कमरे का ताला तोड़कर सफाई करवाई। मजदूरों ने कमरे से निकले सामान-जिनमें विस्फोटक जैलेटिन ट्यूब भी शामिल थीं-जैलेटिन को अनजाने में स्कूल के पास झाड़ियों में फेंक दिया। मकान मालिक को यह जानकारी नहीं थी कि यह सामग्री विस्फोटक है।
21 नवंबर को मिली थीं 161 ट्यूबें, क्षेत्र में मचा था हड़कंप
21 नवंबर की रात झाड़ियों से विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। सल्ट थाना पुलिस ने तत्काल धारा 4(क) विस्फोटक अधिनियम व 288 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी हरबंस सिंह व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के नेतृत्व में चार विशेष टीमें गठित की थीं।
बम डिस्पोज़ल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड, एलआईयू, आईआरबी और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
तेजी से खुलासा, पुलिस ने ली राहत की सांस
कुछ ही दिनों में अल्मोड़ा पुलिस ने पूरा मामला सुलझा लिया। आरोपी प्रशांत बिष्ट को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा के अनुसार:
जिलेटिन की 161 छड़ें जिस व्यक्ति की थीं, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की है, वहीं पुलिस की तत्परता की भी सराहना की जा रही है।