🔊
खौफनाक वारदात: सड़क किनारे मिला मासूम का कटा सिर, धड़ की तलाश में जुटी पुलिस-गांव में दहशत का माहौल
उत्तराखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवाल-बेराधार मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह ग्रामीणों को सड़क किनारे एक नन्हे बच्चे का कटा सिर मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव वालों में खौफ का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि
सिर्फ बच्चे का सिर मिला है, धड़ का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
सिर किसका है, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बच्चे की सही उम्र और पहचान पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
उन्होंने बताया कि गांव के ग्राम प्रहरी द्वारा देवाल चौकी को सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। धड़ की खोज के लिए पुलिस दल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहा है।
इस भयावह घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान मिलने के बाद ही इस वारदात की असल वजह सामने आएगी।