🔊
चम्पावत में प्रारंभ हुआ मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत नगर पालिका स्तरीय ट्रायल
चम्पावत जनपद में माननीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत गौरल चौड़ मैदान में नगर पालिका स्तरीय बालक एवं बालिका ट्रायल कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। इस ट्रायल का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों की खोज कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
कुल 12 खेलों के लिए आयोजित इस चयन प्रक्रिया में सफल खिलाड़ियों को जिला स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। ट्रायल को चार आयु वर्गों — 14-17 वर्ष, 17-19 वर्ष, 19-21 वर्ष और 21-23 वर्ष — में विभाजित किया गया है। प्रत्येक खेल व आयु वर्ग में 3 बालकों और 2 बालिकाओं का चयन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की यह पहल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। योजना का मुख्य उद्देश्य जिले के होनहार खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तरीय बालक वर्ग के ट्रायल 21 अप्रैल को तथा बालिका वर्ग के ट्रायल 22 अप्रैल को आयोजित होंगे, जबकि जिला स्तरीय ट्रायल 25 अप्रैल से प्रारंभ होंगे।
खिलाड़ियों में उत्साह
ट्रायल के दौरान वॉलीबॉल खिलाड़ी रोहित पाण्डेय ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 में उन्हें इस योजना के अंतर्गत ₹24,000 की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई थी। इस सहायता से उन्होंने अपनी खेल किट एवं न्यूट्रिशन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग करने का अवसर पाया।
रोहित ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यह योजना उनके लिए एक संजीवनी साबित हुई, जिसने न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने जमीनी स्तर के खिलाड़ियों को एक मंच देने का कार्य किया है और आने वाले समय में यह पहल उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।