🔊
ब्रेकिंग न्यूज़ - खौफनाक हादसा: भीषण टक्कर के बाद बस-ट्रक में लगी आग, अब तक तीन की मौत, 25 यात्री घायल
यूपी के बलरामपुर में मंगलवार भोर करीब 4:30 बजे फुलवरिया बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनौली से दिल्ली जा रही निजी बस और एक मालवाहक ट्रक की तेज रफ्तार में भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने व राहत-बचाव कार्य में जुट गईं।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार तुरंत घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक निजी बस सोनौली से शहर होते हुए दिल्ली की ओर जा रही थी। बस जैसे ही फुलवरिया चौराहे से आगे बढ़ी, तभी फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक बस के ठीक बीचोंबीच जा टकराया। टक्कर के बाद बस सड़क से खिसककर किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी।
ट्रांसफार्मर के तारों के छू जाने से बस में आग लग गई, जो देखते ही देखते ट्रक तक पहुंच गई। हादसे में बस के कई यात्री बुरी तरह झुलस गए।
ट्रक के नीचे मिला झुलसा शव
ट्रक टक्कर के बाद पलट गया था। जब उसे सीधे किया गया तो नीचे एक व्यक्ति का बुरी तरह झुलसा शव मिला, जिसकी पहचान करना मुश्किल है। पुलिस का अनुमान है कि शव ट्रक में बैठे व्यक्ति का हो सकता है, जो पलटने के कारण बाहर नहीं निकल सका।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।