🔊
प्लास्टिक के पुतले का अंतिम संस्कार! गढ़मुक्तेश्वर में सनसनी - दो युवक हिरासत में, बीमा धोखाधड़ी की आशंका
गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार, 27 नवंबर को गढ़मुक्तेश्वर के श्मशान घाट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक एक कार में शव बताकर एक देह अंतिम संस्कार के लिए लेकर पहुंचे। दोनों युवकों ने लकड़ियाँ सजाकर चिता तैयार की और दाह-संस्कार की प्रक्रिया शुरू करने ही वाले थे कि तभी मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को कुछ संदेह हुआ।
शक के आधार पर उसने आगे बढ़कर शव पर पड़ा कफ़न हटाया। कफ़न हटते ही सच सबके सामने था-चिता पर रखा शव असली मानव देह नहीं, बल्कि प्लास्टिक का पुतला था।
यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोग दंग रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों युवकों को पकड़ लिया और कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बड़ी साजिश की आशंका - बीमा धोखाधड़ी की चर्चा तेज
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला किसी गहरी साजिश या धोखाधड़ी से जुड़ा हो सकता है। प्राथमिक अनुमान है कि किसी जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर बीमा की राशि हड़पने की कोशिश की जा रही थी।
हालाँकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और उनकी कार, पुतला तथा अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएँ तेज हैं और लोग इसे बीते वर्षों में सामने आए बीमा फ्रॉड के मामलों से जोड़कर देख रहे हैं।