🔊
क्रिकेट खेलते समय दर्दनाक हादसा: 13 वर्षीय किशोर के शरीर में आर-पार हुआ सरिया, दिल्ली में सफल ऑपरेशन।
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। क्रिकेट खेलते समय 13 वर्षीय किशोर के शरीर में सरिया आर-पार हो गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली रेफर किया गया, जहां लंबा ऑपरेशन कर सरिया निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मिर्जापुर निवासी राजकुमार का पुत्र ऋषभ (13) अपने साथियों के साथ खाली प्लॉट में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास के प्लॉट में चली गई, जहां निर्माणाधीन पिलरों में 3-4 फीट लंबे सरिये निकले हुए थे। गेंद लाने के लिए ऋषभ दीवार पर चढ़ा, तभी उसका पैर फिसल गया और वह सीधे सरिये पर जा गिरा। सरिया उसकी दाईं बाजू के नीचे से घुसकर गर्दन के पास से बाहर निकल गया।
किशोर की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सरिया निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने हाथ की आरी से सरिये को काटा और तत्काल उसे कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उसकी हालत देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन घायल किशोर को दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सफलतापूर्वक सरिया बाहर निकाला। ऑपरेशन के बाद बच्चे को आईसीयू में भर्ती किया गया है। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने ऑपरेशन को सफल बताया है और फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है, हालांकि उसे अभी होश नहीं आया है।
बताया गया कि ऋषभ कक्षा पांच का छात्र है। उसके पिता राजकुमार बिजली मिस्त्री हैं, जबकि मां गृहणी हैं। परिवार में तीन भाई-बहन हैं, जिनमें ऋषभ दूसरे नंबर पर है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: