🔊
सोशल मीडिया में छाया कॉकरोच जनता पार्टी ट्रेंड, आखिर क्या है मामला
पिछले 2-4 दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम तेजी से ट्रेंड कर रहा है। युवाओं और बेरोजगारों के बीच यह शब्द चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
कई लोग इसे मजाकिया अंदाज में नई राजनीतिक पार्टी तक बताने लगे हैं, जहां BJP और कांग्रेस के साथ अब कॉकरोच जनता पार्टी का नाम भी मीम्स और पोस्टों में दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि किसी सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद युवाओं ने इस शब्द को ही ट्रेंड बना दिया और देखते ही देखते CockroachJantaParty इंटरनेट पर वायरल होने लगा।
सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जिस तेजी से चाय बनती है, उससे भी ज्यादा तेजी से कॉकरोच जनता पार्टी तैयार हो गई। मीम्स, पोस्ट, वीडियो और व्यंग्य के जरिए युवा अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई लोग इसे युवाओं के दर्द, बेरोजगारी और व्यवस्था के प्रति गुस्से से जोड़कर देख रहे हैं।
कुछ यूजर्स नेपाल में हुए Gen G जैसे युवा आंदोलनों का उदाहरण देते हुए आशंका जता रहे हैं कि अगर युवाओं की आवाज को लगातार नजरअंदाज किया गया तो यह ट्रेंड किसी बड़े आंदोलन का रूप भी ले सकता है।
वायरल पोस्टर में कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से कई बड़े मुद्दों को उठाया गया है। इसमें रिटायर्ड चीफ जस्टिस को राज्यसभा सीट न देने, वोट डिलीट होने पर चुनाव आयोग के अधिकारियों पर कार्रवाई, महिलाओं को 50% आरक्षण, मीडिया की जवाबदेही तय करने और पार्टी बदलने वाले MLA/MP पर 20 साल का बैन लगाने जैसी मांगें शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर चल रहे इस ट्रेंड ने नेताओं और अधिकारियों का भी ध्यान खींचा है। अब कॉकरोच शब्द केवल मीम नहीं बल्कि युवाओं की नाराजगी और विरोध का प्रतीक बनता दिखाई दे रहा है।